बीरेंद्र कुमार झा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की, जिसे लेकर क्रेमलिन की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक टेलीफोन काल में यूक्रेन के आसपास की स्थिति और मास्को में सशस्त्र भाड़े के विद्रोह को कैसे हल किया जाए,इस पर चर्चा की।बयान में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रेमलिन द्वारा पिछले शनिवार को वैगनर भाड़े के समूह द्वारा विद्रोह से निपटने में रूसी नेतृत्व की निर्णायक कार्रवाई के लिए समर्थन व्यक्त किया था
रूस में वैगनर आर्मी के विद्रोह से पुतिन की छवि पर लगा धब्बा
गौरतलब है कि 24 जून को रूस में जो हुआ उससे लगा कि रूस अब गृह युद्ध की आग में झुलस जाएगा। उस दौरान अमेरिका से ब्रिटेन तक सभी की नजर रूस के घटनाक्रम पर ही टिकी थी । वैगनर प्रमुख प्रिगोझीन ने 18 घंटे से भी कम वक्त में रूस के राष्ट्रपति की ताकत को न सिर्फ चैलेंज किया बल्कि पुतिन को एक असहाय राष्ट्रपति की तरह बना डाला। यह एक ऐसा विद्रोह था जिसने पुतिन की इज्जत और उसकी मजबूत छवि को काफी नुकसान पहुंचाया।
पुतिन ने ‘ मेक इन इंडिया’ की तारीफ
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात करने से पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस में आयोजित एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और कहा कि उनकी ‘ मेक इन इंडिया ‘ की पहल का भारतीय अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। रूसी टेलीविजन नेटवर्क आरटी की रिपोर्ट के अनुसार पुतिन मास्को में रूस की एक एजेंसी फॉर स्ट्रैटेजिक इनीशिएटिव्स द्वारा आयोजित एक सभा में बोल रहे थे।
द्विपक्षीय सहयोग के सामायिक मुद्दों पर चर्चा
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने द्विपक्षीय सहयोग के सामयिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में प्रमुख संयुक्त परियोजनाओं के निरंतर क्रियान्वयन के महत्व को रेखांकित किया और 2022 के दौरान और इस वर्ष की पहली तिमाही में व्यापार में पर्याप्त वृद्धि पर संतोष जताया। बातचीत में शंघाई सहयोग संगठन और जी 20,जिसकी अध्यक्षता वर्तमान में भारत कर रहा है के साथ-साथ ब्रिक्स फॉर्मेट में बातचीत पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय संपर्कों के बारे में भी रूसी राष्ट्रपति पुतिन को जानकारी दी जिसमें उनकी हालिया वाशिंगटन यात्रा के दौरान के संपर्क भी शामिल हैं।

