न्यूज़ डेस्क
राजस्थान ने बीजेपी और कांग्रेस में वार -पलटवार शुरू हो गया है। जैसे जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाज तेज है। बीजेपी जहां हिंदुत्व के सहारे चुनाव को प्रभावित करने को तैयार है वही मुख्यमंत्री गहलोत ने बीजेपी पर जमकर वार किया है।सीएम गहलोत ने ऐलान किया कि, राजस्थान में भाजपा का एजेंडा पनपने नहीं देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरएसएस दंगें करवाती है। हमारी आस्था हिंदू धर्म में उनसे ज्यादा है। हम गाय के नाम पर वोट की बात नहीं करते हैं। कुछ लोग राम मंदिर की राजनीति के लिए ही हिंदू बने हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जालोर सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा, राजस्थान में भाजपा के हिंदुत्व के एजेंडे को हम नहीं पनपने देंगे। राजस्थान में सर्व धर्म का सम्मान है। गौमाता को लेकर भाजपा राजनीति करती है जबकि गायों की सेवा में हमेशा कांग्रेस आगे रही है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, राजस्थान शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में बहुत आगे बढ़ गया है। देश में एकमात्र राजस्थान राज्य है जहां शांति और अहिंसा का विभाग बन गया है। आज देश संकट में है। संविधान की धज्जियां उड़ रही हैं। लोकतंत्र खतरे में है। संघ और भाजपा को आलोचना बर्दाश्त करना सीखनी चाहिए। आलोचना आभूषण है।
सीएम गहलोत ने कहा कि विपक्ष नहीं होगा तो पक्ष कहां होगा। आलोचना सुनने का मादा होना चाहिए। देशहित की बात करते हो तो आलोचना वाले आर्टिकल पढ़ना शुरू कर दो। हम पब्लिक प्रोपर्टी हैं, जनता के ट्रस्टी हैं,, हमें सुनना पड़ेगा। अहिंसा स्थापित करने, महंगाई को कम करने को लेकर हमने बजट पेश किया है। उसी के रूप में आगे बढ़ रहे हैं।

