वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा बने RAW के नए चीफ, सामंत गोयल की लेंगे जगह

0
173

न्यूज डेस्क
आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा को रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RA&W) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा 30 जून को अपना कार्यभार संभालेंगे। फिलहाल सामंत गोयल रॉ प्रमुख हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रवि सिन्हा को सोमवार को भारत की खुफिया एजेंसी रॉ का नया प्रमुख नियुक्त किया गया। इस समय रॉ के चीफ के रूप में सामंत गोयल कमान संभाल रहे हैं। उनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। सामंत गोयल ने साल 2019 में रॉ चीफ का पद संभाला था। दो बार के विस्तार के बाद कुल 4 साल तक वह इस पद पर बने रहे थे। सामंत गोयल के बारे में खास बात यह है कि 2019 के पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए भारत की ओर से बनाए गए प्लान का श्रेय भी इन्हें ही जाता है।

रॉ के नए चीफ के रूप में रवि सिन्हा का कार्यकाल 2 साल का होगा। आइए देश की खुफिया एजेंसी रॉ के नए प्रमुख रवि सिन्हा के बारे में जानते हैं।

रवि सिन्हा मूल रूप से बिहार के भोजपुर के रहने वाले हैं। रवि सिन्हा की शिक्षा दिल्ली से ही हुई है। राजधानी दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज से रवि सिन्हा ने पढ़ाई की है। कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने आईपीएस की तैयारी की जिसके बाद साल 1998 में यूपीएसएससी परीक्षा पास की थी। रवि सिन्हा को सबसे पहले मध्य प्रदेश कैडर मिला था। बाद में जब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ अलग हुए तो रवि सिन्हा को छत्तीसगढ़ कैडर मिला। रवि सिन्हा मौजूदा समय में सचिवालय में प्रिंसिपल स्टाफ ऑफिसर के पद पर हैं।

रवि सिन्हा के बारे में कहा जाता है कि उन्हें लो प्रोफाइल रहकर काम करना पसंद है। रवि सिन्हा के बारे में कहा जाता है कि वह खुफिया जानकारी जुटाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। यही वजह है कि जब वह रॉ की कमान संभालेंगे तब इंटिग्रेटेड टेक्नोलॉजी और ह्यूमन इंटिलिजेंस को साथ लेकर काम करने में मदद मिलेगी। रवि सिन्हा ने इससे पहले जम्मू-कश्मीर, उत्तर-पूर्व और वामपंथी चरमपंथी डोमेन के अलावा कई जगह अपनी सेवाएं दी हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here