नड्डा का कांग्रेस पर हमला ,कहा राहुल मोहब्बत की दुकान नहीं, नफरत का मेगा शॉपिंग मॉल खोलकर बैठे हैं 

0
116



अखिलेश अखिल 

अमेरिकी दौरे पर गए राहुल गाँधी जहाँ एक तरफ बीजेपी की राजनीति से लेकर देश की हालत पर बहुत कुछ बोल रहे हैं वही दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल पर बड़ा हमला किया है। नड्डा ने राहुल गांधी पर मोहब्बत की दुकान नहीं, नफरत का मेगा शॉपिंग मॉल खोलकर बैठने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी हमेशा भारत के आत्मविश्वास को कमजोर करने में लगे रहते हैं, समाज में विभाजन के प्रयास करते हैं और हिंदू-मुस्लिम डिवाइड की बात करते हैं। नड्डा सोमवार को तीन मूर्ति भवन स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय सभागार में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘अमृत काल की ओर ‘ के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे।            
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति है। वह दिन दूर नहीं, जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति होगी। कोरोना के कारण सप्लाई चेन प्रभावित होने और रूस-यूक्रेन युद्ध से उपजे आर्थिक संकट के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर दुनिया में सबसे अधिक है। नड्डा ने तीखा निशाना साधते हुए कहा, “मैं कांग्रेस के अनपढ़ भाइयों को क्या बताऊं। जिस धरती से आप देश की बुराई कर रहे हैं, वहां की जीडीपी तो भारत से काफी नीचे है। आज भारत की जीडीपी का अनुमान 7.2 प्रतिशत है। आप इन्फ्लेशन के आंकड़े उठाकर ही देख लीजिए, भारत की स्थिति दुनिया के कई बड़े देशों से बेहतर है। दुनिया कह रही है कि इंडिया इज ब्राइट स्पॉट, लेकिन कांग्रेस वालों को कैसे बताएं। हम उनकी आंखें तो सही कर सकते हैं, लेकिन विजन कैसे दें?”             
 नड्डा ने कहा कि जब-जब हमारे गौरव की बात होती है, हमारी तूती बोलती है, तब-तब कांग्रेस के नामदार युवराज राहुल गांधी को पता नहीं क्यों, देश के बढ़ते गौरव से समस्या हो जाती है। भारत का गौरव उन्हें अच्छा नहीं लगता। राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता पीएम मोदी का विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लग जाते हैं।
         नड्डा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को पॉलिसी पैरालिसिस से बाहर निकालकर देश में वोट बैंक पॉलिटिक्स की जगह रिपोर्ट कार्ड की संस्कृति को स्थापित किया है। देश डायनेस्टिक पॉलिटिक्स से निकलकर डेमोक्रेसी पॉलिटिक्स पर आ गया है और अब देश मेंरिटोरियस पॉलिटिक्स करना सीख चुका है। उन्होंने कहा कि एक समय देश में डिवीजन की पॉलिटिक्स थी – नार्थ साउथ डिवीजन, लैंग्वेज डिवीजन, आपस में वैमनस्यता के बीज बोये जा रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सभी डिवीजन को खत्म कर देश को एकता के सूत्र में पिरोया।
                  भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2004 से 2014 के कालखंड में नेता, नीति, नेतृत्व, नीयत – सब पर प्रश्नवाचक चिह्न् लगे हुए थे। 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद देश को निर्णायक नेतृत्व भी मिला, विकास के प्रति समर्पित नीति भी मिली, और सही नीयत भी मिली। भारत अमृतकाल में प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व में तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। पहले जब भी चर्चा होती थी, इंडिया-पाकिस्तान की एक साथ चर्चा होती थी। आज केवल भारत की चर्चा होती है। 
            नड्डा ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, युवा, महिला – सबकी चिंता की है, सबका सशक्तिकरण किया है। बीते 9 साल में गरीबों के लिए लगभग साढ़े तीन करोड़ घर बने हैं, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण हुआ है, लगभग तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंची है, 12 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचाया गया है, साढ़े 9 करोड़ गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं, लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ मिल रहा है, करोड़ों मुद्रा लोन दिए गए हैं और 10 करोड़ से अधिक किसानों को सालाना छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here