न्यूज़ डेस्क
पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा है कि “बृज भूषण को भी हटाएंगे और उनका समर्थन करने वालो को 2024 में हटाएंगे.” मलिक ने कहा कि आज यहां से जाकर राजस्थान में जाऊंगा ताकि उनको वहां हराया जाए। मलिक एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ जो हुआ है उससे मन बहुत ख़राब हो गया है। हम पहलवानो के साथ खड़े हैं और इसका बदला लिया जायेगा।
मलिक ने आगे कहा कि पहलवानों से मेरा मेरा निवेदन है कि वो राजस्थान भी आएं। पहलवानों के साथ हम मिलकर खड़े हैं। उन्होंने बीजेपी को लेकर कहा, गांव-गांव में इनकी दुर्गति करेंगे और बेटियों का बदला चुनाव में लिया जाएगा। पहलवानों को समर्थन देते रहे तो सरकार माफी मांग कर इनकी मांगे मानेगी।
पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने पुलवामा हमले को लेकर कहा, “पुलवामा हमले में 40 जवानों की लाश पर खड़े होकर बीजेपी ने चुनाव लड़ा। मैंने पीएम मोदी को बोल दिया था कि जवानों की शहादत में हमारी कमी रही थी। देश के एनएसए अजीत डोभाल ने भी मेरे से इस मामले में चुप रहने की बात कही थी।”
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पाकिस्तान की तरफ मोड़ दिया लेकिन जांच नहीं की गई। गृह मंत्रायल ने जवानों को जहाज नहीं दिए। मलिक ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान भी मैंने अपना इस्तीफा जेब मे रख कर पीएम से मिला था, लेकिन सरकार नहीं मानी। सत्यपाल मलिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एमएसपी के बिना किसानों का गुजारा नहीं है। उन्होंने किसानों से एमएसपी गारंटी कानून को लेकर लड़ाई लड़ने की अपील की।

