न्यूज़ डेस्क
अमेरिका पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार मोदी सरकार पर हमला किया और संविधान का मसला उठाया है। अमेरिका में रह रहे भारतीयों से बात करते हुए उन्होंने कहा है कि सरकार ने पूरी ताकत से भारत जोड़ो यात्रा रोकने की कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हुए। हिंदुस्तान में संवैधानिक संस्थाएं भाजपा और आरएसएस द्वारा कब्जे में की जा रही है एजेंसियों का इस्तेमाल विरोधियों के लिए हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा, भारत में कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्हें लगता है कि वे हर चीज के बारे में सबकुछ जानते हैं। इनमें एक मोदी जी भी हैं। उन्हें लगता है कि वे हर चीज के बारे में सबकुछ जानते हैं।मोदी जी भगवान को भी समझा सकते हैं कि ब्रह्मांड में क्या चल रहा है? वे वैज्ञानिक को विज्ञान के बारे में और इतिहासकार को इतिहास के बारे में भी समझा सकते हैं।
राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा के अनुभव को लोगों के साथ शेयर करते हुए कहा, मैंने जब ये यात्रा शुरू थी तो 5-6 दिन बाद महसूस हुआ कि ये यात्रा आसान नहीं होगी। हजारों किलोमीटर की यात्रा को पैदल तय करना बेहद मुश्किल दिख रहा था, लेकिन मेरे पास कोई ऑप्शन नहीं था। उन्होंने बताया, मैं, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक रोजाना 25 किलोमीटर की यात्रा तय कर रहे थे। तीन हफ्ते बाद मुझे लगा कि मैं अब थक नहीं रहा हूं। मैंने लोगों से भी पूछना शुरू किया कि क्या वो थकान महसूस कर रहे हैं? लेकिन किसी ने इसका जवाब हां में नहीं दिया। उन्होंने कहा, उस यात्रा में केवल कांग्रेस नहीं चल रही थी बल्कि पूरा भारत कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा था। राहुल ने आगे कहा, कांग्रेस के साथ अच्छी बात ये है कि हम सबके साथ हैं। कोई आकर कुछ बोलना चाहता है तो हम उसे सुनते हैं। हम गुस्सा नहीं होते ये हमारा नेचर है।
इस बीच राहुल से कुछ सवाल भी पूछे गए। वीमेन एम्पावरमेंट को लेकर सवाल किया गया तो राहुल ने कहा कि वूमेन बिल के लिए हम कमिटेड हैं। हम पिछली सरकार में उसे लाना चाहते थे लेकिन कुछ हमारे सहयोगी पार्टियां उस पर तैयार नहीं थीं लेकिन मुझे विश्वास है कि हम अगली सरकार में लाने के लिए कमिटेड हैं। अगर हम महिलाओं को शक्ति देंगे, उन्हें पॉलिटिक्स में लाएंगे, बिजनेस में जगह देंगे तो वो अपने आप सशक्त होंगी।
इसके बाद राहुल से वन लैंग्वेज वन नेशन से जुड़े सवाल भी किये गए। राहुल ने कहा कि अगर आप संविधान पढ़ेंगे तो यूनियन ऑफ स्टेट मिलेगा। हर राज्य की भाषा, कल्चर को सुरक्षा मिलनी चाहिए। जो बात आप कर रहे हैं वो हमारे संविधान में है। बीजेपी और आरएसएस इस इंडिया को अटैक कर रहे हैं। मेरे हिसाब से मैं समझता हूं कि तमिल भाषा, तमिल लोगों के लिए एक भाषा से बढ़कर है। ये उनके लिए भाषा नहीं उनका कल्चर है उनके जीने का तरीका है। मैं कभी तमिल भाषा को थ्रेट नहीं होने दूंगा। तमिल भाषा को थ्रेट करना मतलब आडिया ऑफ इंडिया को थ्रेट करना है। किसी भी भाषा को थ्रेट करना भारत को थ्रेट करना है।

