बीरेंद्र कुमार झा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा करने के लिए मुख्य प्रतिद्वंदी दल कांग्रेस पर निशाना साधा।उन्होंने इसे भगवान हनुमान की पूजा करने वालों को ताले में बंद करने की कोशिश करने का कांग्रेस का प्रयास करार दिया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले भगवान राम को ताले में बंद किया था और अब जय बजरंगबली बोलने वाले वालों को ताले में बंद करना चाहती है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर यह हमला विपक्षी पार्टी कांग्रेस द्वारा 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी घोषणा पत्र जारी करने के कुछ ही घंटे के भीतर किया।
कानून और संविधान पवित्र
कांग्रेस के घोषणा पत्र में कहा गया है की हमारा मानना है कि कानून और संविधान पवित्र हैं। कोई व्यक्ति या बजरंग दल, पीएफआई और नफरत एवं शतुता फैलाने वाले दूसरे संगठन चाहे वह बहुसंख्यकों के बीच हो चाहे अल्पसंख्यकों के बीच के, वे कानून और संविधान का उल्लंघन नहीं कर सकते। हम ऐसे संगठनों पर कार्रवाई करेंगे। वहीं दूसरी तरफ विजयनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा आज हनुमान जी के इस पवित्र भूमि को नमन करना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है और दुर्भाग्य देखिए कि मैं आज जब यहां हनुमान जी को नमन करने आया हूं, उस समय कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणापत्र में बजरंगबली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है।
जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा पहले प्रभु श्री राम को ताले में बंद किया, और अब जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प लिया है। यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम से भी तकलीफ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ हो रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपस्थित जनसमुदाय से कहा कि बीजेपी कर्नाटक को नंबर 1 राज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और वे भगवान हनुमान के चरणों में सिर झुका कर इस प्रतिज्ञा की सिद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं।
कर्नाटक की संस्कृति को दुनिया भर में क्या प्रसिद्ध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीजेपी कर्नाटक की मान मर्यादा और संस्कृति पर कोई आंच नहीं आने देगी बीजेपी कर्नाटक के विकास के लिए, यहां के लोगों को आधुनिक सुविधा देने के लिए और नए नए अवसर देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि विजय नगर राजवंश और उसका इतिहास भारत का गौरव है। विजयनगर वंश के शासक के नाम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण देव राय ने अपने संसाधनों से क्षेत्र को अमर कर दिया था। उन्होंने विभिन्न देशों के साथ व्यापारिक संबंधों को मजबूत किया तथा कर्नाटक के संस्कृति को दुनिया भर में प्रसिद्ध किया।
